नई दिल्ली । PM नरेन्द्र मोदी 27 अगस्त को National Sports Day 2026 के अवसर पर राष्ट्रव्यापी पहल, “खेलो इंडिया डायलॉग – खेल की बात, PM मोदी के साथ” के दौरान युवा उभरते खिलाड़ियों और युवा नेताओं को संबोधित करेंगे।
बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाला यह युवा सहभागिता कार्यक्रम देशभर के 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा, खिलाड़ी, नीति-निर्माता और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि एक साथ आएंगे।
आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले शैक्षणिक संस्थानों में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत PM मोदी के वर्चुअल संबोधन से होगी, जिसके बाद भाग लेने वाले स्थानों पर एक साथ भौतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को भारत के खेल और युवा पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य पर अपने विचार, सुझाव और नवोन्मेषी सोच साझा करने के लिए एक सीधा मंच प्रदान करना है।
चर्चा चार प्रमुख विषयों पर केन्द्रित होगी – बेहतर जमीनी स्तर की सुविधाओं, कोचिंग और अवसरों के माध्यम से खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना; वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास के माध्यम से 2036 Olympics के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना; युवा नेतृत्व और शासन में भागीदारी को बढ़ाना; तथा युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल, स्वयंसेवा के अवसरों और राष्ट्र निर्माण के लिए माध्यम उपलब्ध कराना।
कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता युवा खेल प्रेमियों और प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों एवं पदक विजेताओं के बीच संवाद होगा। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा सहित प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ी भी प्रतिभागियों के साथ संवाद करेंगे।
खिलाड़ी युवा प्रतिभागियों के साथ अपनी खेल यात्राएं, अनुभव और चुनौतियां साझा करेंगे।
इस संवाद में निर्वाचित प्रतिनिधि और नीति-निर्माता भी शामिल होंगे। संसद सदस्य, विधान सभा सदस्य, केन्द्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और राज्य खेल मंत्री युवाओं के साथ संवाद करेंगे और चार चिन्हित विषयों पर उनके विचार जानेंगे।
कार्यक्रम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज भी आयोजित किया जाएगा और प्रतिभागियों को MY Bharat Portal पर पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य 27 अगस्त के कार्यक्रम के बाद भी युवाओं की निरंतर भागीदारी के अवसर पैदा करना है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं, खेल अनुभवों और नीति-निर्माण को एक साझा मंच पर लाना तथा भारत के भविष्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र और युवा विकास के एजेंडे को आकार देने में युवाओं को अधिक महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान करना है।
(Input from DD News)
Comments ( 0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to comment!