भोपालः Bhopal कृषक कल्याण वर्ष-2026 को जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाने तथा किसानों की आय वृद्धि, कृषि उत्पादकता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण संस्थान (CAT), बरखेड़ीकलां, में कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता विभाग, नाबार्ड, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), प्रगतिशील कृषकों तथा विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और वैज्ञानिक पद्धतियों का समावेश समय की आवश्यकता है।
प्रगतिशील किसान नई तकनीकों को अपनाकर न केवल अपनी उत्पादकता बढ़ा सकते हैं, बल्कि कृषि को लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता भी प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कृषक कल्याण वर्ष-2026 के लिए शासन द्वारा निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए विभागवार मासिक कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। साथ ही श्री मिश्रा ने ‘धरती माता बचाओ अभियान’ के अंतर्गत जिले में नरवाई प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे किसानों से संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने ऐसे किसानों को अपने-अपने क्षेत्रों के एफपीओ क्लस्टरों और अन्य कृषकों को जागरूक करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर नरवाई प्रबंधन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने तथा नवाचार अपनाने वाले किसानों के प्रेरणादायी वीडियो तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिया।
श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी कंबाइन हार्वेस्टरों में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाना अनिवार्य होगा। बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के फसल कटाई किए जाने की स्थिति में संबंधित हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों एवं मृदा की उर्वरा शक्ति पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया गया।
(Input from PB Shabd)
Comments ( 0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to comment!