नई दिल्लीः पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति के बीच सरकार ने गुरुवार को नागरिकों को आश्वस्त किया कि देशभर में Petrol , Diesel तथा LPG का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। साथ ही सरकार ने यह भी पुष्टि की कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में आयोजित अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों ने ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने, समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
सरकार ने नागरिकों से अपील की कि वे Petrol , Diesel तथा LPG की घबराहट में खरीदारी न करें। सरकार ने कहा कि देशभर में आवश्यक ईंधनों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिकों से अफवाहों से बचने, केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने तथा डिजिटल एलपीजी बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करने का आग्रह भी किया गया।
Ministry of Petroleum and Natural Gas ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं, घरेलू पीएनजी उपयोगकर्ताओं और सीएनजी परिवहन नेटवर्क को 100 प्रतिशत आपूर्ति बनाए रखी जा रही है।
मंत्रालय के अनुसार, ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग उद्योग स्तर पर लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि सिलेंडरों की कालाबाजारी और डायवर्जन रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड आधारित डिलीवरी लगभग 96 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले तीन दिनों में लगभग 1.32 करोड़ बुकिंग के मुकाबले करीब 1.34 करोड़ एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। केवल बुधवार को ही लगभग 47.5 लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए।
जमाखोरी और अवैध डायवर्जन पर नियंत्रण मजबूत करने के लिए पिछले तीन दिनों में देशभर में 5,000 से अधिक छापेमारी की गई। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा 3,100 से अधिक रिटेल आउटलेट्स और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया।
मंत्रालय ने बताया कि 463 LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि अब तक 81 डिस्ट्रीब्यूटरशिप को निलंबित किया जा चुका है।
Ministry of Petroleum and Natural Gas ने वैकल्पिक ईंधन स्रोत के रूप में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। मंत्रालय के अनुसार, 20 मई तक MYPNGD.in पोर्टल के माध्यम से 58,500 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किया है।
मार्च 2026 से अब तक लगभग 7.64 लाख पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं, जबकि अतिरिक्त 2.81 लाख कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि पीएनजी विस्तार सुधारों से जुड़े प्रावधानों के तहत 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अतिरिक्त वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन दिया जा रहा है।
ईंधन कीमतों के संबंध में सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है।
सरकार ने ईंधन उत्पादों पर निर्यात शुल्क में भी संशोधन किया है। इसके तहत Diesel और एविएशन टरबाइन फ्यूल पर निर्यात शुल्क कम किया गया है, जबकि पेट्रोल पर निर्यात शुल्क लगाया गया है।
मंत्रालय ने कहा, “देशभर में सभी रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।”
इस बीच, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि समुद्री परिचालन सामान्य रूप से जारी हैं और खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
मंत्रालय ने कहा, “पिछले 72 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज या भारतीय चालक दल वाले किसी विदेशी जहाज से संबंधित कोई घटना सामने नहीं आई है।”
महानिदेशक नौवहन (डीजी शिपिंग) ने अब तक 3,316 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित की है, जिनमें पिछले 72 घंटों के दौरान लौटे 99 नाविक भी शामिल हैं।
(Input from DD News)
Comments ( 0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to comment!