Ministry of Labour and Employment । ESIC: कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने मरीजों पर केन्द्रित हेल्थकेयर को मजबूत करने के लिए देश भर में ऑनलाइन मरीज फीडबैक सिस्टम किया शुरू

Ministry of Labour and Employment । ESIC: कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने मरीजों पर केन्द्रित हेल्थकेयर को मजबूत करने के लिए देश भर में ऑनलाइन मरीज फीडबैक सिस्टम किया शुरू

नई दिल्लीः  Ministry of Labour and Employment के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के अपने सभी अस्पतालों और औषधालयों में सेवा गुणवत्ता में सुधार, पारदर्शिता बढ़ाने एवं रोगी-केन्द्रित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केन्द्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली शुरू की है।

यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म बीमित व्यक्तियों और लाभार्थियों को अपने स्वास्थ्य सेवा अनुभव साझा करने, शिकायतें दर्ज करने तथा सुझाव देने की सुविधा प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रमुख पहलुओं जैसे स्वास्थ्य संस्थानों की स्वच्छता, चिकित्सा कर्मियों का व्यवहार और दवाओं की उपलब्धता पर वास्तविक समय (रियल-टाइम) में फीडबैक प्राप्त करना है।

ESIC के अनुसार, लाभार्थियों के लिए फीडबैक देना आसान और सुलभ बनाने हेतु इस प्रणाली में कई माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं।

ESIC हेल्थ इन्फॉर्मेशन सिस्टम (धन्वंतरी) मॉड्यूल के माध्यम से सेवाएं प्राप्त करने वाले मरीजों को एक स्वचालित एसएमएस भेजा जाएगा, जिसमें सीधे फीडबैक देने के लिए लिंक उपलब्ध होगा। इसके अलावा, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और अस्पताल परिसरों में लगाए गए बहुभाषी पोस्टरों पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन करके लाभार्थी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से तुरंत प्रतिक्रिया दर्ज कर सकेंगे। फीडबैक ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी दिया जा सकेगा।

इस उपयोगकर्ता-अनुकूल प्रणाली में मरीज केवल अपना बीमित व्यक्ति (IP) नंबर दर्ज करके कुछ ही सेकंड में रेटिंग और टिप्पणियां दे सकते हैं।

पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए प्लेटफार्म में लाभार्थियों के विवरण का रियल-टाइम ओटीपी आधारित सत्यापन किया जाएगा तथा एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार फीडबैक देने की संभावना को रोका जाएगा। इसके साथ ही, भारत की विविध भाषाई आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसमें बहुभाषी समर्थन भी उपलब्ध कराया गया है।

इस पहल की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसकी एकीकृत निगरानी व्यवस्था है। प्लेटफार्म में तीन स्तरों— ESIC मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों और व्यक्तिगत स्वास्थ्य संस्थानों—के लिए भूमिका-आधारित डैशबोर्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से सेवाओं की निरंतर निगरानी की जा सकेगी।

प्रणाली को इस प्रकार विकसित किया गया है कि यदि किसी सेवा को तीन अंक से कम रेटिंग प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों को स्वतः अलर्ट भेजा जाएगा, जिससे त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों के अनुसार, इससे सेवा संबंधी कमियों की शीघ्र पहचान होगी और शिकायत निवारण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।

यह प्लेटफॉर्म ESIC के स्वास्थ्य संस्थानों की प्रदर्शन रैंकिंग भी तैयार करेगा, जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा, जवाबदेही बढ़ेगी और सेवा वितरण में निरंतर सुधार सुनिश्चित होगा।

केन्द्रीकृत फीडबैक प्रणाली की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और लाभार्थियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग की दिशा में ESIC का एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल भारत के श्रमिकों और उनके परिवारों को कुशल, पारदर्शी और उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संगठन के व्यापक उद्देश्य के अनुरूप है।

ESIC ने कहा कि यह नई प्रणाली तकनीक आधारित सुशासन, जवाबदेही और बेहतर रोगी संतुष्टि के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

(Input from DD News)

 

 

Sanjay Sharan

Sanjay Sharan

I am senior editor of this News Portal. Me and my team verify all news with trusted sources and publish here.

Comments ( 0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to comment!