PM । EC । EU । G7 । FTA । MEA: प्रधानमंत्री मोदी और यूरोपियन यूनियन के नेताओं ने जी-7 समिट में रिश्तों की समीक्षा की, एफटीए को जल्द लागू करने पर जोर दिया

PM । EC । EU । G7 । FTA । MEA: प्रधानमंत्री मोदी और यूरोपियन यूनियन के नेताओं ने जी-7 समिट में रिश्तों की समीक्षा की, एफटीए को जल्द लागू करने पर जोर दिया

विश्व । PM नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर यूरोपीय परिषद (EC) के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग (EU) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और प्रमुख क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की।

बैठक की जानकारी एक्स पर साझा करते हुए PM मोदी ने कहा, “आज एवियन में EC के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और EU की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात कर बहुत अच्छा लगा। इस वर्ष की शुरुआत में भारत को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए उनकी मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ था। भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण समय रहा है, क्योंकि हमने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप दे दिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि हमारी वार्ता के दौरान हमने आने वाले समय में आर्थिक संबंधों को और अधिक गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। आज के वैश्विक परिवेश में हमारा बढ़ता सहयोग शांति, स्थिरता और समृद्धि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, नेताओं ने इस वर्ष जनवरी में भारत में आयोजित 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन को याद किया और द्विपक्षीय संबंधों में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ FTA पर वार्ताओं के सफल समापन को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया तथा इस पर शीघ्र हस्ताक्षर तथा इसके क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।

नेताओं ने कहा कि यह समझौता व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों को खोलेगा तथा वर्तमान भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण में योगदान देगा।

उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में अनुमोदित संयुक्त भारत-यूरोपीय संघ व्यापक रणनीतिक एजेंडा के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की और विश्वास व्यक्त किया कि इससे रणनीतिक साझेदारी और अधिक मजबूत होगी तथा दोनों पक्षों के लिए परिवर्तनकारी परिणाम प्राप्त होंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हुए नेताओं ने पश्चिम एशिया में हालिया सकारात्मक घटनाक्रमों का स्वागत किया और शांति, स्थिरता, समृद्धि तथा सतत विकास को समर्थन देने वाली एक सुदृढ़ बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था को बढ़ावा देने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

(Input from News on Air)

 

Sanjay Sharan

Sanjay Sharan

I am senior editor of this News Portal. Me and my team verify all news with trusted sources and publish here.

Comments ( 0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to comment!