जयपुर । CM भजनलाल शर्मा ने PM नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को मीडिया संवाद किया। उन्होंने कहा कि PM का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण का प्रतीक रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
CM ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केन्द्र सरकार ने गरीब कल्याण को शासन के केन्द्र में रखा। करोड़ों लोगों को पक्के मकान, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल, शौचालय और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि PM ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया है। कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल अर्थव्यवस्था और नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए गए हैं। वहीं महिलाओं के लिए PM Ujjwala Yojana, PM Mudra Yojana, PM Awas Yojana और Lakhpati Didi Scheme जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित किया गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि किसानों के हित में पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि PM ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी मजबूत नेतृत्व का परिचय दिया है और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। राजस्थान को केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 34 लाख से अधिक आवास निर्मित हुए हैं, 63 लाख से ज्यादा नल कनेक्शन दिए गए हैं तथा लगभग 89 लाख शौचालय बनाए गए हैं।
CM कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में सड़क नेटवर्क में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में जनकल्याण शिविर, ग्राम विकास यात्रा, ग्राम विकास चौपाल और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 जून से 20 जून तक हर जिले में जन कल्याण शिविरों का आयोजन कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि PM के मार्गदर्शन में राजस्थान सरकार जल संरक्षण, सिंचाई, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। वर्ष 2027 तक प्रदेशभर के किसानों को दिन में बिजली दी जाएगी। फिलहाल 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। राइजिंग राजस्थान के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों में से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
CM ने कहा कि ग्रामीण राजस्थान की तस्वीर बदलने के लिए ग्राम विकास यात्रा एवं ग्राम विकास चौपाल आयोजित कर किसान, मजदूर, महिला युवाओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। संध्या चौपाल और संध्या आरती के माध्यम से जनता से सांस्कृतिक तथा भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की एक पेड़ मां के नाम पहल से प्रेरित हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण हो रहा है।
इस दौरान 12 वर्ष की उपलब्धियों पर वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मीडिया संवाद में CM भजनलाल शर्मा के साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(Input from PB Shabd)
Comments ( 0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to comment!