Ministry of Ayush । Yoga for Healthy Ageing । Community Wellness Hub: आयुष मंत्रालय ने पब्लिक पार्कों को वेलनेस हब बनाने के लिए योग पार्क पोर्टल किया लॉन्च

Ministry of Ayush । Yoga for Healthy Ageing । Community Wellness Hub: आयुष मंत्रालय ने पब्लिक पार्कों को वेलनेस हब बनाने के लिए योग पार्क पोर्टल किया लॉन्च

नई दिल्ली । Ministry of Ayush ने योग पार्क पोर्टल लॉन्च किया है। यह एक ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के मौजूदा पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (Community Wellness Hub) में बदलना है, जहाँ योग, ध्यान और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सके।

इस पोर्टल का शुभारंभ आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 25-दिवसीय उलटी गिनती कार्यक्रम के दौरान किया। जमीनी स्तर पर योग की पहुँच का विस्तार करने और दीर्घकालिक स्वास्थ्य अवसंरचना विकसित करने के प्रयासों के तहत इस मंच का अनावरण संशोधित योग संगम पोर्टल के साथ किया गया।

Ministry of Ayush के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मौजूदा पार्कों को योग अभ्यास, ध्यान और सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए समर्पित स्थानों में परिवर्तित करना है। पंचायत राज संस्थाएं, शहरी स्थानीय निकाय, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), गैर-सरकारी संगठन, कॉर्पोरेट संस्थाएं और अन्य संगठन इस पोर्टल के माध्यम से योग पार्कों के विकास और रखरखाव में भाग ले सकते हैं।

समुदाय आधारित कार्यक्रम के रूप में तैयार किए गए योग पार्क का उद्देश्य लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को उनके आसपास के स्तर पर अधिक सुलभ बनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। इन पार्कों में समर्पित योग मंच, ध्यान क्षेत्र, हरित क्षेत्र, जागरूकता सुविधाएँ तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए समूह सत्र आयोजित करने हेतु खुले स्थान शामिल किए जा सकते हैं।

मंत्रालय ने कहा कि यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रमों के माध्यम से भी भागीदारी को प्रोत्साहित करती है, जिससे कंपनियाँ स्वास्थ्य अवसंरचना के निर्माण और रखरखाव में योगदान दे सकें। ऐसे पार्क नियमित योग सत्रों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों के आयोजन स्थलों के रूप में कार्य करेंगे।

यह पोर्टल एक डिजिटल मंच के रूप में कार्य करता है, जो हितधारकों को इस पहल से जुड़ने के लिए दिशा-निर्देश, अवधारणा पत्र, पंजीकरण सुविधाएँ और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराता है। सरकारी संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामुदायिक संगठनों और निजी भागीदारों को एक साथ लाकर मंत्रालय का उद्देश्य स्वास्थ्य और निवारक चिकित्सा पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन खड़ा करना है।

"Yoga for Healthy Ageing” विषय के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के निकट आते हुए, योग पार्क पोर्टल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी भारत में योग तथा स्वस्थ जीवनशैली में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित स्थान तैयार कर नियमित शारीरिक गतिविधि, सजगता (माइंडफुलनेस) और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

(Input from DD News)

 

 

Sanjay Sharan

Sanjay Sharan

I am senior editor of this News Portal. Me and my team verify all news with trusted sources and publish here.

Comments ( 0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to comment!