EU । India । PM । G7 । AI । VivaTech Summit । Bharat Innovates: फ्रांस-स्लोवाकिया जाएंगे पीएम मोदी, ग्रुप7 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

EU । India । PM । G7 । AI । VivaTech Summit । Bharat Innovates: फ्रांस-स्लोवाकिया जाएंगे पीएम मोदी, ग्रुप7 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति, इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर, PM नरेन्द्र मोदी 13 से 14 जून, 2026 (नीस), 16 से 19 जून, 2026 (एवियन और पेरिस) तक फ्रांस तथा 14 से 16 जून, 2026 तक स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री 14 जून को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए नीस का दौरा करेंगे।

दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलू की समीक्षा करेंगे, जिसे इस वर्ष की शुरुआत में विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया है। नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘Bharat Innovates’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे, जिसमें भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड शामिल होंगे। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान आयोजित यह प्रमुख कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद जीवंत नवाचार साझेदारी को और मजबूत करता है।

यात्रा के दूसरे चरण में, स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री, रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर, PM नरेन्द्र मोदी 14 से 16 जून, 2026 तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा करेंगे। 1993 में स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा अप्रैल 2025 में स्लोवाकिया की राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा तथा फरवरी 2026 में AI इम्पैक्ट समिट के लिए स्लोवाक राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है।

प्रधानमंत्री फिको के साथ वार्ता करेंगे और सहयोग के नए अवसरों की खोज करेंगे। PM, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल और रेलवे निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराएगी।

यात्रा के तीसरे चरण में, PM 16 से 17 जून, 2026 को फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान वे G7 नेताओं, आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

सम्मेलन में वे “नए साझेदारी संबंध बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को पुनर्स्थापित करना”, “संतुलित, साझा और सतत आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करना” तथा “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सुरक्षित, तीव्र और प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना” जैसे सत्रों में भाग लेंगे। सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

यात्रा के अंतिम चरण में, PM 18 जून, 2026 को पेरिस का दौरा करेंगे, जहां वे आगे की द्विपक्षीय गतिविधियों में भाग लेंगे तथा यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजन VivaTech Summit में शामिल होंगे। PM पेरिस में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

यह यूरोप यात्रा भारत के फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 के साथ संबंधों को और गहरा करेगी। G7 में PM की उपस्थिति वैश्विक दक्षिण के एक प्रमुख आवाज और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।

भारत इनोवेट्स और VivaTech समिट में उनकी भागीदारी भारत को वैश्विक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और उद्यमिता के केन्द्र के रूप में प्रस्तुत करेगी तथा भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्रों के बीच नए सहयोग को बढ़ावा देगी। यह यात्रा EU के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगी।

(Input from PB Shabd)

 

Sanjay Sharan

Sanjay Sharan

I am senior editor of this News Portal. Me and my team verify all news with trusted sources and publish here.

Comments ( 0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to comment!