Election Commission । SIR । ECINet । BLOs: निर्वाचन आयोग ने पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआऱ) के लिए शेड्यूल बढ़ाया

Election Commission । SIR । ECINet । BLOs: निर्वाचन आयोग ने पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआऱ) के लिए शेड्यूल बढ़ाया

नई दिल्ली । निर्वाचन आयोग ने आज पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना तथा दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के कार्यक्रम को बढ़ा दिया है।

दिल्ली में मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) अब 5 अगस्त के बजाय 17 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा। घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य, जो 29 जुलाई तक निर्धारित था, अब 8 अगस्त तक जारी रहेगा। अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

पंजाब में बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य अब 3 अगस्त तक जारी रहेगा। पहले यह कार्य 24 जुलाई तक पूरा होना था। राज्य में मतदाता सूची का प्रारूप अब 31 जुलाई के स्थान पर 13 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को जारी होगी।

तेलंगाना में मतदाता सूची का प्रारूप 10 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित होगी। राज्य में BLOs द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य 3 अगस्त तक जारी रहेगा।

कर्नाटक में BLOs द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य 29 जुलाई के स्थान पर अब 8 अगस्त तक जारी रहेगा। राज्य में मतदाता सूची का प्रारूप 17 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।

कल Election Commission ने हरियाणा और आंध्र प्रदेश के लिए भी SIR का कार्यक्रम बढ़ा दिया था।

इस बीच, केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का गणना (Enumeration) चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। मतदाता सूची का प्रारूप 21 जुलाई, 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।

आज चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी ने बताया कि गणना चरण 15 जून से 14 जुलाई तक संचालित किया गया। इस अवधि के दौरान व्यापक क्षेत्रीय सत्यापन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से मतदाता सूची का सत्यापन और अद्यतन किया गया।

उन्होंने बताया कि गणना चरण के दौरान कुल 5,16,427 पंजीकृत मतदाताओं को कवर किया गया। इनमें से 4,50,246 गणना प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटलीकरण किया गया, जबकि 66,146 प्रपत्र बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) द्वारा बार-बार संपर्क करने के प्रयासों के बावजूद प्राप्त नहीं हो सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ की वेबसाइट तथा ECINet प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। जिन लगभग 69,451 मतदाताओं ने मैपिंग विवरण के बिना गणना प्रपत्र जमा किए हैं, तथा जिन मामलों में कोई विसंगति पाई जाएगी, उनके लिए 21 जुलाई से 18 सितंबर की अवधि के दौरान आगे के सत्यापन हेतु नोटिस जारी किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (Rationalization) के तहत चंडीगढ़ में मतदान केंद्रों की संख्या 614 से घटाकर 575 कर दी गई है।

(Input from News on Air)

 

Sanjay Sharan

Sanjay Sharan

I am senior editor of this News Portal. Me and my team verify all news with trusted sources and publish here.

Comments ( 0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to comment!